खजुराहो नृत्य समारोह का शुभारंभ आज; 26 फरवरी तक चलेगा उत्सव, उमा शर्मा व जतिन दास को दिया जाएगा कालिदास सम्मान

गुरुवार से 47वें खजुराहो नृत्य समारोह का शुभारंभ हो रहा है। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि संस्कृति मंत्री डॉ. वियजलक्ष्मी साधौ होंगी। वह दोपहर 3 बजे खजुराहो पहुंचकर शाम 7 बजे खजुराहो नृत्य समारोह का शुभारंभ करेंगी। नृत्य समारोह 20 से 26 फरवरी तक चलेगा। इसका आयोजन उस्ताद अलाउद्दीन खां संगीत एवं कला अकादमी एवं संस्कृति परिषद भोपाल संयुक्त रूप से करते हैं।


भारतीय शास्त्रीय नृत्य शैलियों पर केंद्रित यह नृत्योत्सव देश के शीर्षस्थ समारोहों में से एक है। पहले दिन 3 नृत्य प्रस्तुतियां होंगी। कथक नृत्यांगना उमा शर्मा, जतिन गोस्वामी और मीरा दास एवं साथी ओडिसी समूह नृत्य की प्रस्तुति देंगे। राजनगर एसडीएम स्वनलि वानखड़े ने बताया कि वर्ष 2017 एवं 2018 के लिए शासन द्वारा स्थापित राष्ट्रीय कालिदास सम्मान प्रख्यात कलाकार उमा शर्मा एवं जतिन गोस्वामी को दिया जाएगा। 


विलासिनी नाट्यम की पहली बार हाेगी प्रस्तुति


खजुराहाे नृत्य महाेत्सव में दर्शकाें काे पहली बार विलासिनी नाट्यम नृत्य देखने काे मिलेगा। नृत्य महाेत्सव में अब तक कभी विलासिनी नाट्यम नृत्य की प्रस्तुति नहीं हुई है। समाराेह में 21 फरवरी को नृत्यांगना पूजिता कृष्णन दक्षिण भारतीय शास्त्रीय नृत्य विलासिनी नाट्यम को पहले बार खजुराहो के मंच पर पेश करेंगी। इसके साथ ही खजुराहो नृत्य समारोह में पहली बार असम का गोलाघाट नृत्य की प्रस्तुति होगी।


कथकली नहीं मिलेगा देखने: इस बार केरल के शास्त्रीय नृत्य कथकली के प्रेमियों को निराशा हाथ लगेगी। इस बार समारोह में कथकली नृत्यकारों को आमंत्रित नहीं किया गया है। यह नृत्य सिर्फ पुरुष कलाकारों के द्वारा ही प्रस्तुत किया जाता है। पिछले साल कथकली नृत्य की प्रस्तुति हुई थी।


20 से 26 तक फरवरी तक के कार्यक्रम 



  • 20 को कथक नृत्यांगना उमा शर्मा का कथक, जतिन गोस्वामी और मीरा दास एवं साथियों का ओडिसी समूह की प्रस्तुति। 

  • 21 को पूजिता कृष्णा- विलासिनी नाट्यम, कथक पर कृष्ण मोहन मिश्रा, लता सिंह मुंशी एवं साथियों की भरतनाट्यम की प्रस्तुति। 

  • 22 को शोबना चंद्र कुमार पिल्लई का भरतनाट्यम, सुप्रभा मिश्रा एवं साथी का ओडिसी समूह नृत्य और आनंदा शंकर जयंत एवं साथियों का भरतनाट्यम। 

  • 23 को वाई. आशा कुमारी का ओडिसी, क्षितिजा बर्वे का भरतनाट्यम, रागिनी मक्खर एवं साथियों का कथक नृत्य। 

  • 24 को एन श्रीकांत एवं अश्वथी श्रीकांत का भरतनाट्यम, नायर सिस्टर्स वीना-धन्या का मोहिनीअट्टम और नर्तकी नटराज का भरतनाट्यम की प्रस्तृति। 

  • 25 को भद्रा सिन्हा एवपं गायत्री शर्मा का भरतनाट्यम, ऋचा जोशी एवं दीपक गंगानी का कथक, मोहिका सक्सेना का भरतनाट्यम और व्योमेश शुक्ल की नृत्यनाटिका। 

  • 26 को श्रीविद्या अंगरा सिन्हा की कुचिपुड़ी, इनाक्षी सिन्हा एवं पवित्र कृष्ण भट्ट का ओडिसी, सिनम बासु सिंह एवं साथियों का मणिपुरी नृत्य और अमिता खरे एवं साथी कथक प्रस्तुति देंगे।